प्रेरित करने वाले अद्भुत दृश्य, तरो-ताज़ा कर देने वाली ताज़ा हवा और खुली जगहें, चिंतन करने के लिए शांति और निस्तब्धता। सोलह विशाल झीलें, इंग्लैंड के पांच सबसे ऊंचे पर्वत और लगभग 3000 किमी की पगडंडियां और साइकिल के रास्ते जो ले जाते हैं शानदार झरनों, प्रशांत तटों और लेकलैंड गांवों तक -- यही तो थे वे प्रसिद्ध भूदृश्य जिन्होंने विलियम वर्ड्सवर्थ और बिएट्रिक्स पॉटर का मन मोह लिया था। निस्संदेह यह इंग्लैंड का सबसे खूबसूरत कोना है। आप वर्ष के चाहे किसी भी समय में झीलों के प्रदेश -- कुंब्रिया की यात्रा करें, कोई न कोई खास तसवीर ऐसी होगी जो आपकी यादों में हमेशा के लिए बस जाएगी। डैफोडिल और वसंत के नवजात मेमने, सुखद धूप में नहाई हुई हरी-भरी घाटियां और ग्रीष्म ऋतु में झिलमिलाती झीलों पर शोख रंगों के पाल, शिशिर का सुनहरा भूरा आवरण और सर्दियों में बर्फ से ढंके झरनों की चकाचौंध कर देने वाली सफेदी।










